Home » ताजा खबरें » आफत में फंसी अंतिम संस्कार में गए 130 ग्रामीणों की जान, जलती चिता पर फिर गया पानी

आफत में फंसी अंतिम संस्कार में गए 130 ग्रामीणों की जान, जलती चिता पर फिर गया पानी

ऊना। जिले में गुरुवार शाम को कुछ समय के लिए हुई तेज बारिश के कारण चढ़तगढ़ (Chadatgarh Una) में अंतिम संस्कार (Cremation) को गए करीब 130 ग्रामीण बाड़ में फंस गए। ग्रामीण जान बचाने के लिए जलती हुई चिता को छोड़कर छतों पर चढ़ गए। पानी का स्तर चिता तक पहुंच गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम ऊना विश्वदेव मोहन चौहान मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग की मदद से पानी में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ग्रामीण खड्ड से घिरे स्वर्गधाम में गए थे। तेज बारिश के कारण थोड़ी ही देर में खड्ड का पानी स्वर्गधाम के भीतर जा घुसा। यहां तक कि जल रही चिता भी बरसाती पानी में घिर गई। बीमारी के चलते चढ़तगढ़ निवासी सुखराम की गुरुवार सुबह मौत हो गई। दोपहर बाद जैसे ही अंतिम संस्कार के लिए स्वर्गधाम जाने लगे, तो तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के थमने के बाद करीब 125 से 130 ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए स्वर्गधाम चढ़तगढ़ पहुंच गए।

पहले भी बरसात में आई है समस्या

ग्रामीणों ने मामले की जानकारी डीसी ऊना राघव शर्मा को दी। जिसके बाद डीसी ऊना राघव ने एसडीएम ऊना विश्व देव मोहन चौहान को मौके पर भेजा। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत ही स्वर्गधाम को जाने वाले रास्ते को जेसीबी की मदद से खुलवाया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय वासी जीपू थिंड ने बताया कि इस स्वर्गधाम में जाने के लिए पहले भी ऐसी समस्या पेश आती रही है और इसके बारे कई दफा प्रशासन को भी बताया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *