Home » ताजा खबरें » पीएम का अमेरिकी सेब पर आयात शुल्क 50 फीसदी करने का फैसला बागवानों के खिलाफ: सीएम

पीएम का अमेरिकी सेब पर आयात शुल्क 50 फीसदी करने का फैसला बागवानों के खिलाफ: सीएम

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार की ओर से अमेरिकी सेब पर आयात शुल्क 70 से घटाकर 50 फीसदी करने के फैसले को बागवानों के खिलाफ बताया है। उन्होंने शिमला में बयान जारी कर कहा कि पीएम मोदी ने वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने और सभी प्रकार के कोल्ड ड्रिंक्स में 5 फीसदी सेब का कंस्ट्रेट मिलाने का वादा किया था। लेकिन अब केंद्र सरकार ने आयात शुल्क घटा दिया है।उन्होंने कहा है कि बागवान सभी प्रकार के विदेशी सेब पर आयात शुल्क 70 से बढ़ाकर 100 फीसदी करने की मांग करते रहे हैं, लेकिन केंद्र ने इसे घटा दिया है। इससे हिमाचली सेब का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह इस मामले को केंद्र से उठाएंगे और सभी प्रकार के विदेशी सेब पर लगने वाले आयात शुल्क को बढ़ाकर 100 फीसदी करने की मांग करेंगे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों के हितों को देखते हुए केंद्र सरकार से अपने इस फैसले पर पुनः विचार करने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *