



चंबा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में 21 साल के मनोहर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या कर उसके शव के टुकड़े कर नाले में पत्थरों के नीच छिपा दिया गया था। मनोहर का शव ढूंढने में उसके खच्चरों ने अहम भूमिक निभाई। मनोहर अपने घर में अकेला कमाने वाला था। वो खच्चरों पर सामान ढोकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। जिस दिन से मनोहर लापता हुआ उस दिन से ये खच्चर लगातार एक स्थान पर जाकर खड़े हो जाते थे। बताया जा रहा है कि ये वही स्थान था जहां मनोहर की हत्या कर शव फेंका गया था। स्थानीय लोगों को खच्चरों का ये व्यवहार अजीब लगा। सभी लोग हैरान थे कि ये खच्चर यहां ऐसे क्यों एक साथ खड़े रहते हैं। मनोहर के लापता होने के तीसरे दिन जब उस जगह से गुजरते राहगीर को दुर्गंध आई तो पुलिस तक मामला पंहुचा। इस तरह मनोहर का शव 8 टुकड़ों में बरामद हुआ।
मनोहर की हत्या कर उसके शव के 8 टुकड़े कर अलग-अलग नालों में पत्थरों के नीचे पानी के बीच दबा दिए गए थे। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 6 जून को लिखवाई थी। तीन दिन की तलाश में पुलिस को कुछ भी हासिल नहीं हो पाया था। अचानक से 9 जून को मनोहर के शव के शत-विक्षत टुकड़े मिलने से चंबा सहित पूरे हिमाचल में सनसनी फैल गई।
दो लड़कियों से थे मनोहर के संबंध!
चंबा में हुए इस हत्याकांड पर एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि यह धार्मिक उन्माद का मामला नहीं है। मनोहर के आरोपियों के परिवार की लड़कियों के साथ प्रेम संबंध थे। अलग-अलग धर्म के होने के चलते लड़की के परिवार को ये नागवार गुजरा। इसलिए उन्होंने मनोहर को अपने घर पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े कर दिए।
15 दिन बाद थी मनोहर की शादी
मृतक मनोहर के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी 15 दिन बाद शादी होने वाली थी। मनोहर की पास ही के गांव में शादी तय की गई थी। मनोहर की मां ने बताया कि उसकी शादी की तैयारी की जा रही थी। मां ने बताया कि उसके बेटे के साथ सब कुछ खत्म हो गया। मनोहर की मां की मांग है कि उसके बेटे के कातिलों को सिर्फ फांसी की सजा होनी चाहिए।
11 लोगों को हिरासत में लिया
मामले का जानकारी देते हुए एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि 9 जून को किहार थाना में मनोहर लाल की हत्या का केस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अबतक 11 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। इस मामले में जल्द चार्जशीट बनाकर न्यायालय में पेश की जाएगी। एसपी ने अपील कि दोनों समुदाय के लोग एकजुट होकर रहें और आपस में प्रेम-भाईचारे बना कर रखें।