शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के रिकांगपिओ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के बॉयज हॉस्टल में एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सितंबर माह के बताए जा रहे इस वीडियो में पांच से छह छात्र मिलकर 11वीं कक्षा के एक छात्र को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में पहले एक छात्र पीड़ित से पूछताछ और गालीगलौज करता है और फिर उस पर दादागिरी करने का आरोप लगाते हुए अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला कर देता है, यहां तक कि जमीन पर गिरने के बाद भी छात्र को पीटा जाता रहा। इस घटना के सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था और हॉस्टल में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने संज्ञान लिया है। स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं डीसी किन्नौर सोनाक्षी तोमर ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, वहीं एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने पुष्टि की है कि पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।




