Home » Uncategorized » जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार: केवल सिंह पठानिया

जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार: केवल सिंह पठानिया

लाइव हिमाचल/शाहपुर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। विधायक ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। वहीं, जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं हो पाया, उन्हें आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण प्रदेश सरकार और उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का उद्देश्य केवल जनकल्याणकारी योजनाएं बनाना ही नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम लोगों को रोजमर्रा के जीवन में पेश आने वाली परेशानियों से राहत दिलाना भी है।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाना एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका दायित्व है। इसी भावना के साथ वह निरंतर अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहते हैं और उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आम लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
पठानिया ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। नियमित रूप से लोगों के बीच बैठकर उनकी बात सुनने से न केवल समस्याओं की वास्तविक स्थिति का पता चलता है, बल्कि उनके समाधान की प्रक्रिया भी तेज होती है। उन्होंने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाना और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *