Home » Uncategorized » रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह ने नगरकोटी माता दरोटेश्वरी के नव निर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में लिया हिस्सा…

रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह ने नगरकोटी माता दरोटेश्वरी के नव निर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में लिया हिस्सा…

शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज नवार क्षेत्र के दरोटी गाँव में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे जहाँ पर उन्होंने नगरकोटी माता दरोटेश्वरी के नव निर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में नावर क्षेत्र के सर्वाधिक प्रतिष्ठित और पुजित देवता नारायण को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।

इस अवसर पर रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह ने दोनों दैवीय शक्तियों की पूजा अर्चना की और शीश नवाकर क्षेत्र के लोगों की खुशहाली, सम्पन्नता और शांति की कामना की। इस शुभ आयोजन पर उन्होंने सभी ग्राम वासियों और आयोजन करता समिति के सदस्यों को बधाइ दी।
दरोटी स्थित माता नगरकोटी का इतिहास सदियों पुराना है और स्थानीय निवासियों की मान्यता के अनुसार देवी का मूल स्थान नगरकोट कांगड़ा है जहाँ से सैंकड़ो वर्षों पूर्व देवी का प्रदुर्भाव दरोटी गाँव में हुआ है। इससे पूर्व इस मंदिर में 1962 में शांत यज्ञ का आयोजन किया गया था। उसके बाद इस वर्ष 20-21 नवम्बर 2026 को देवी के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई है। इस कार्यक्रम से पूर्व लगभग 25 श्रद्धांलुओं सहित देवी ने नगरकोट, ज्वालाजी एवं हरिद्वार जैसे पवित्र स्थलों की यात्रा की और मंदिर की शिखा पूजन के साथ ही यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम की प्रमुख बात यह रही कि बरसों पुरानी चली आ रही पशु बलि प्रथा का पूरी तरह से निषेध किया गया और वैदिक मंत्रो और पूर्ण सात्विक विधि से यह पूरा आयोजन संपन्न किया गया।
युवाओं से अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान
इस अवसर पर दोनों कैबिनेट मंत्रियो ने उपस्थित सभी क्षेत्र वासियों एवं श्रद्धांलुओं को शुभकामनायें दी और माता नगरकोटी और देवता नारायण से क्षेत्र वासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हुए बताया कि हमारा क्षेत्र देवभूमि के नाम से प्रसिद्ध है और यह सत्य भी है क्यूंकि यहाँ की प्रत्येक वस्तु, स्थान और हर तत्व में देवी देवताओं का वास है। साथ ही देवी-देवताओं से जुड़ी हुई हमारी विशिष्ट संस्कृति भी पुरे दुनिया में अपनी एक अलग पहचान रखती है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ यह आवश्यक है कि हमारे युवा दुनिया के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़े वहीँ दूसरी ओर यह भी आवश्यक है कि वे अपनी मूल संस्कृति से जुड़े रहें जिससे कि यह महान संस्कृति अपना अस्तित्व पीढ़ी दर पीढ़ी कायम रख सके। इस दौरान उन्होंने सामूहिक रूप से प्रदेश और क्षेत्र के विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया और पिछले 4 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों में एक दूसरे के सहयोग हेतू धन्यवाद भी प्रकट किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके स्वर्गीय पिता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह का नावर क्षेत्र के साथ एक गहरा आत्मिक सम्बन्ध था और राजनैतिक रूप से भी एक विधायक के रूप में उन्होंने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कहा कि उन्हें भी सदैव इस क्षेत्र से वही मान सम्मान और आशीर्वाद मिला है जो उनके पिता को मिलता था और इसके लिए वह नावर क्षेत्र के लोगों के आभारी है। आज इस कार्यक्रम में आकर वे अपने आप को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। इस दौरान प्रधान ग्राम पंचायत टिककर चंद्र प्रकाश त्रिलोक्टा, राजेश रांटा, ओम प्रकाश रांटा, महेन्द्र रांटा, प्रेम रांटा, पंचायत समिति रोहड़ू की अध्यक्षा ज्ञानपति देवी, बीडीसी सदस्य अमन चौहान, उप प्रधान ईश्वर चौहान, राजिंदर जनारथा, मंदिर कमेटी के सदस्य व ग्राम वासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12