Home » Uncategorized » सीसे स्कूल भोज आंजी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक समारोह

सीसे स्कूल भोज आंजी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक समारोह

लाइव हिमाचल/सोलन : सोलन के सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोज आंजी में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सोलन के जाने-माने समाजसेवी एवं सोलन के प्रबंध निदेशक चेतन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
यह कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि के स्वागत के साथ हुआ। स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा उन्हें विद्यालय की ओर से सम्मानित किया। इसके उपरांत प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व दे रहा है। इस समारोह के दौरान विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर हाउस चैंपियनशिप के परिणाम घोषित किए गए। इसमें विक्रम बत्रा हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। कल्पना चावला हाउस ने दूसरा तथा रामानुजन हाउस ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता हाउस के विद्यार्थियों और सदस्यों में इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यातिथि चेतन शर्मा ने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैट्रिक परीक्षा में स्नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आरुषि दूसरे और राजबीर तीसरे स्थान पर रहे। इसी प्रकार जमा दो की परीक्षा में चंचल ने प्रथम, नीरज थापा ने द्वितीय तथा चांदनी ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। मुख्यातिथि ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। स्कूली बच्चों ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति के साथ-साथ अपनी कला एवं प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यातिथि चेतन शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की वर्षभर की उपलब्धियों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध करवाना भी जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पदम शर्मा, नरेश ठाकुर, सपरून चौकी से ओमपाल, एमएससी प्रधान कल्पना राय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *