लाइव हिमाचल/सोलन : जिला सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज उठाई है। मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधियों ने महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सोलन जिला अस्पताल में बीपी, शुगर, पैंटाप्राजोल और ग्लूकोज जैसी आवश्यक दवाइयां भी मरीजों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिसके चलते गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। भाजपा ने कोविड काल में केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध करवाए गए तीन ऑक्सीजन प्लांट बंद होने का मुद्दा भी उठाया। पार्टी का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित इन प्लांटों का संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा मिल सके।
इसके अलावा सोलन में निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन के कार्य में करीब दो साल की देरी पर भी सवाल उठाए गए। भाजपा ने कहा कि इस परियोजना में केंद्र सरकार की 90 प्रतिशत और प्रदेश सरकार की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी है। पार्टी ने प्रदेश सरकार पर अपनी हिस्सेदारी का समय पर प्रबंध न करने का आरोप लगाया। ज्ञापन में सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य जांच सुविधाएं प्रभावित होने और मरीजों से पर्ची शुल्क वसूलने के फैसले पर भी चिंता जताई गई। भाजपा ने मांग की कि बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट जल्द शुरू किए जाएं, अस्पतालों में दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो, जांच सुविधाएं सुचारू की जाएं और नए अस्पताल भवन का निर्माण जल्द पूरा करवाया जाए। मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना जरूरी है और किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप कर प्रदेश सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया।





