ऊना: हिमाचल प्रदेश में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त हो गए हैं। इसी कड़ी में सोमवार सुबह ऊना जिले के बहडाला में पंजाब से सप्लाई के लिए लाया जा रहा करीब डेढ़ क्विंटल (150 किलो) पनीर पकड़ा गया। पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी शर्मा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए कंडाघाट लैब भिजवाए। अधिकारियों के मुताबिक त्योहारों पर मुनाफाखोरी के चक्कर में खराब गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं पनीर की सप्लाई ला रहे कारोबारी ने जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने की बात कहते हुए कहा है कि यदि लैब रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो वह इसकी पूरी जिम्मेदारी लेंगे। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई कंडाघाट लैब से आने वाली जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।





