लाइव हिमाचल ब्यूरो, शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (HPS) के तीन अधिकारियों के तबादले और तैनाती से जुड़े आदेशों में तत्काल प्रभाव से बड़ा संशोधन किया है। जारी नई अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2017 बैच के एचपीएस अधिकारी रामाकांत ठाकुर, जो वर्तमान में नाहन में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के पद पर तैनात थे, का पूर्व में हुआ श्री नैना देवीजी (बिलासपुर) तबादला आदेश संशोधित कर दिया गया है। अब उन्हें नाहन में ही राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance) में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नई तैनाती दी गई है। वहीं, शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) के पद पर कार्यरत 2017 बैच के अधिकारी शक्ति सिंह का तबादला करते हुए उन्हें नाहन में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, 2018 बैच के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, जो वर्तमान में ठियोग (शिमला) में एसडीपीओ (SDPO) के रूप में सेवारत हैं, का नाहन (मुख्यालय) के लिए किया गया तबादला आदेश पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है और वे ठियोग में ही अपनी सेवाएं देते रहेंगे।





