शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी (मनोविज्ञान) शिक्षकों की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने बड़ी राहत दी है। आयोग ने पोस्ट कोड-26031 के तहत 114 पदों पर आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम (Final Result) आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है। राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले इन 114 पदों के लिए 91 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 77 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद 74 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए चुना गया था, जिसके बाद 11 सितंबर को हुई स्क्रूटनी के आधार पर 68 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। दूसरी ओर, इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बावजूद योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण 46 पद खाली रह गए हैं। इन रिक्त पदों में सामान्य ईडब्ल्यूएस के 9, सामान्य स्वतंत्रता सेनानी परिजन का 1, ओबीसी के 10, ओबीसी बीपीएल के 4, एससी के 14, एससी बीपीएल के 4, एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन का 1, एसटी का 1 तथा एसटी बीपीएल के 2 पद शामिल हैं। आयोग सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम, चयनित अभ्यर्थियों के रोल नंबर, नाम और प्राप्त अंकों की पूरी सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। सभी संबंधित अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और मेरिट सूची से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





