Home » Uncategorized » हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा पर गिरी गाज: सीएम सुक्खू और सरकार पर आरोपों के बाद सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच शुरू

हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा पर गिरी गाज: सीएम सुक्खू और सरकार पर आरोपों के बाद सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच शुरू

लाइव हिमाचल/ब्यूरो/हमीरपुर: प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। हमीरपुर सदर के निर्दलीय/भाजपा विधायक आशीष शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राज्य सरकार के खिलाफ की गई तीखी बयानबाजी के मामले में सदर पुलिस थाना हमीरपुर में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। यह शिकायत एपीएमसी (APMC) हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई है। पूरा मामला बीते बुधवार को गांधी चौक पर जिला भाजपा द्वारा आयोजित रोष प्रदर्शन से जुड़ा हुआ है, जहां विधायक आशीष शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। विधायक ने हमीरपुर बस अड्डे के निर्माण, जमीन खरीद-फरोख्त और रोबोटिक सर्जरी उपकरणों की खरीद में अनियमितताओं के सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा था। बिना किसी तथ्यात्मक आधार के मुख्यमंत्री की राजनीतिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह अनर्गल बयानबाजी की है।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफआईआर दर्ज होना जांच प्रक्रिया का पहला चरण है और विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों व शिकायत के तथ्यों की सत्यता कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सामने आएगी। गौरतलब है कि प्रदर्शन के तुरंत बाद कांग्रेस नेताओं ने भी तीखा पलटवार करते हुए आशीष शर्मा को आरोपों के सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती दी थी। हमीरपुर में पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री सुक्खू और विधायक आशीष शर्मा के बीच जुबानी जंग जारी थी, लेकिन अब इस मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज होने से क्षेत्र का राजनीतिक पारा चढ़ गया है और आगामी दिनों में यह कानूनी व राजनीतिक रूप से और तूल पकड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *