Home » Uncategorized » सोलन के बोहली में 27 और 28 सितंबर को सजेगा दो दिवसीय देव विजेश्वर मेला, खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ विशाल दंगल का रहेगा मुख्य आकर्षण

सोलन के बोहली में 27 और 28 सितंबर को सजेगा दो दिवसीय देव विजेश्वर मेला, खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ विशाल दंगल का रहेगा मुख्य आकर्षण

लाइव हिमाचल ब्यूरो, सोलन: जिला सोलन में कुमारहट्टी के समीपवर्ती सुरम्य गांव बोहली में पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ दो दिवसीय देव विजेश्वर मेले का आयोजन आगामी 27 और 28 सितंबर को होने जा रहा है। मेला कमेटी के प्रधान प्रदीप कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मेले का भव्य शुभारंभ आराध्य देव विजेश्वर की विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा। इस सांस्कृतिक एवं पारंपरिक मेले का आयोजन देव विजेश्वर युवा मंडल बोहली तथा समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले के पहले दिन यानी 27 सितंबर को खेल प्रेमियों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिसमें 65 किलोग्राम भार वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेगी। कबड्डी में भाग लेने वाली टीमों की एंट्री सुबह 10 बजे तक स्वीकार की जाएगी, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विजेता टीम को 11,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 9,100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 10 सदस्यीय टीमों के मध्य रस्सा-कस्सी के रोमांचक मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे, जिसकी एंट्री फीस 500 रुपये रखी गई है और विजेता टीम को 3,100 रुपये का इनाम प्रदान किया जाएगा। 27 सितंबर को ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए एक विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। मेले के दूसरे दिन यानी 28 सितंबर को दोपहर 2 बजे से पारंपरिक और विशाल दंगल (कुश्ती) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले नामी पहलवान अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय ग्रामवासियों और युवा मंडल ने क्षेत्र की जनता से मेले में पहुंचकर देव आशीर्वाद प्राप्त करने और इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *