बिलासपुर: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 अक्टूबर से हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं, जिसकी शुरुआत बिलासपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में शीश नवाने के साथ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 6 अक्टूबर को हवाई मार्ग से आनंदपुर साहिब पहुँचेंगी और फिर वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा श्री नैना देवी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वे एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन बिलासपुर ने तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, एम्स प्रशासन और अन्य विभागों को सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट के लिए कड़े दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। बिलासपुर में एम्स के कार्यक्रम के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मनाली स्थित ऐतिहासिक माँ हिडिम्बा मंदिर के दर्शन भी करेंगी। तीन दिनों का यह दौरा पूरा करने के बाद 8 अक्टूबर को राष्ट्रपति मनाली से सीधे दिल्ली के लिए वापस रवाना होंगी।





