लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन में 16-17 सितंबर की रात करीब 2 बजे ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर अनूप चौहान के साथ मारपीट का मामला सामने आया। ऑर्डर पहुंचाने में हुई देरी के कारण ग्राहक पुनीत शर्मा और अनूप के बीच फोन पर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद ठोडो ग्राउंड बस स्टॉप पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर, सोलन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाया तथा सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी पुनीत शर्मा (32 वर्ष, निवासी लक्कड़ बाजार) की पहचान की। जांच के दौरान डिलीवरी बॉय द्वारा पिस्टल दिखाने का लगाया गया आरोप भी निराधार साबित हुआ; असल में मारपीट के दौरान आरोपी की जेब से गिरा मोबाइल फोन देखकर शिकायतकर्ता को पिस्टल का भ्रम हो गया था। इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई और अंततः दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया।





