मंडी: नाचन क्षेत्र के प्रसिद्ध माता जालपा भगवती मंदिर सरोआ में सायर पर्व के अवसर पर आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। वीरवार को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में माता के गूर बिंदर कुमार ने मंदिर की छत से श्रद्धालुओं पर अखरोट बरसाए, जिन्हें भक्तों ने माता का दिव्य प्रसाद मानकर ग्रहण किया। सदियों पुरानी इस मान्यता के अनुसार, सायर पर्व पर माता की दिव्य शक्ति गूर पर अवतरित होती है और इन अखरोटों को घर ले जाने से सुख, समृद्धि व खुशहाली आती है। पूरे दिन मंदिर परिसर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों, लोकगीतों और घंटियों की मंगल ध्वनि से भक्तिमय बना रहा। इसके साथ ही, सायर पर्व के शुभ अवसर पर लगभग एक माह के लंबे अंतराल के बाद कमरुघाटी के प्रमुख देवस्थलों—बड़ा देव कमरुनाग, शिकारी माता और माता जालपा भगवती—के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों और देव दर्शन का दौर पुनः शुरू हो गया है।





