शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य में सरकारी कर्मचारियों के बार-बार होने वाले तबादलों पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मात्र 12 साल की सेवा में 11 बार ट्रांसफर झेल चुके कर्मचारी सन्नी शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश ज्योत्स्ना रिवाल दुआ की अदालत ने हालिया स्थानांतरण आदेश पर तुरंत रोक लगा दी है। कोर्ट ने राज्य सरकार से याचिकाकर्ता और प्रतिवादी के ट्रांसफर से जुड़ा पूरा मूल रिकॉर्ड तलब करते हुए मामले की अगली सुनवाई 21 सितंबर को तय की है। दूसरी ओर, मंडी जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चच्योट की प्रधानाचार्य को हाईकोर्ट और शिक्षा निदेशालय के आदेशों की अवहेलना भारी पड़ गई है। गणित प्रवक्ता रेखा कुमारी के लंबित एरियर भुगतान से जुड़े अदालती व विभागीय निर्देशों का समय पर पालन न करने पर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसे गंभीर कदाचार मानते हुए निदेशालय ने प्रधानाचार्य को शुक्रवार सुबह 10 बजे शिक्षा निदेशक के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होकर जवाब देने का फरमान सुनाया है।





