लाइव हिमाचल/ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के बढ़ते खतरे के खिलाफ युवाओं को एकजुट करने के लिए एक विशाल ‘एंटी चिट्टा वॉकथॉन’ का आयोजन किया गया, जिसमें भीषण गर्मी और करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद हजारों विद्यार्थियों और युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी तक निकाली गई इस वॉकथॉन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दलदल से बचाना और जमीनी स्तर पर जन-जागृति फैलाना था। ‘जेन जी’ और ‘जेन अल्फा’ पीढ़ी के युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह जंग केवल सरकार या पुलिस अकेली नहीं लड़ सकती, बल्कि इसके लिए माता-पिता, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं को मिलकर एक सामूहिक सामाजिक आंदोलन खड़ा करना होगा। इस भव्य आयोजन में विद्यार्थियों की भारी भागीदारी और उनके अटूट जज्बे को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का भी ऐलान किया, ताकि हर युवा इस गंभीर समस्या के प्रति जागरूक हो सके और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभा सके।





