लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बालिका विद्यालय (गर्ल्स) में शिक्षा खंड सोलन द्वारा HCL फाउंडेशन एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से प्राथमिक JBT शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय ‘निपुण भारत’ एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। “Capacity Building of Teachers on TLMs & NIPUN Aligned Classroom Activities” विषय पर आधारित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) को सुदृढ़ करना है। कार्यशाला के दौरान जिला निपुण समन्वयक नीलम परिहार तथा खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (BEEO) हरि राम चंदेल ने शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में गतिविधि-आधारित, लक्ष्य-उन्मुख एवं आनंददायक शिक्षण वातावरण विकसित करने के लिए विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण के तहत शिक्षकों को 24 शिक्षण सामग्रियों से युक्त विशेष ‘वंडर बॉक्स’ (Wonder Box) किट, Teacher’s Guide तथा ‘खेल-खेल में सीखें’ सामग्री के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे इसके माध्यम से अपनी दैनिक पाठ योजना तैयार कर सकें। इसके साथ ही, ‘विद्या प्रवेश’ (Phase-I) और इसके पश्चात पाठ्यपुस्तकों में FLN आधारित गतिविधियों के समावेश (Phase-II) की रणनीति पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
प्रशिक्षण शिविर में निर्धारित निपुण लक्ष्यों पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिसके तहत छात्रों में हिंदी विषय में 45 से 60 शब्द प्रति मिनट की पठन गति और 75 प्रतिशत समझ-बूझ, जबकि गणित विषय में संख्या पहचान तथा जोड़-घटाव में 75 प्रतिशत सटीकता जैसे अपेक्षित अधिगम परिणामों को प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है। शिक्षकों को सतत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने के लिए CHTs, BEEOs एवं DIET टीम के माध्यम से बहु-स्तरीय मेंटरिंग व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला के दौरान PARAKH National Survey 2024-25 एवं ASER 2024 से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े भी साझा किए गए, जिनके माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों के वर्तमान अधिगम स्तरों व अपेक्षित लक्ष्यों से अवगत कराया गया। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी हरि राम चंदेल के मार्गदर्शन में चल रही इस कार्यशाला में प्राथमिक JBT शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है, जिसका उद्देश्य कक्षा-कक्ष में प्रभावी और रोचक शिक्षण-अधिगम वातावरण तैयार करना है।





