Home » Uncategorized » सदन में आउटसोर्स भर्तियों पर बड़ा फैसला: सीएम सुक्खू का ऐलान- अब टेस्ट से होंगी नर्सों की नियमित भर्तियां

सदन में आउटसोर्स भर्तियों पर बड़ा फैसला: सीएम सुक्खू का ऐलान- अब टेस्ट से होंगी नर्सों की नियमित भर्तियां

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश में आउटसोर्स भर्तियों का मुद्दा प्रमुखता से गूंजा, जिस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बड़ा ऐलान किया। सीएम ने स्पष्ट किया कि अब प्रदेश में नर्सों की भर्ती आउटसोर्स आधार पर नहीं की जाएगी, बल्कि अभ्यर्थियों का चयन टेस्ट के आधार पर नियमित रूप से होगा। करसोग से भाजपा विधायक दीप राज द्वारा उद्योग मंत्री की सिफारिशों पर आउटसोर्स नियुक्तियों को लेकर उठाए गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि यह नीति पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के समय से चली आ रही है और आउटसोर्स कर्मियों के लिए एक स्थायी नीति बनाने पर विचार किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आउटसोर्स भर्तियों के लिए पद विज्ञापित किए जाते हैं और एम्पैनलमेंट की व्यवस्था पूर्व सरकार के समय से ही लागू है, जिसमें मौजूदा सरकार ने केवल कुछ आंशिक बदलाव किए हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कोविड काल के बाद जिन कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया था—चाहे वे भाजपा कार्यकर्ता ही क्यों न हों—उन्हें भी आउटसोर्स के तहत पुनः नियुक्ति दी जाएगी। इसके साथ ही, स्थानीय ठेकेदारों से जुड़ी चिंताओं पर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आश्वस्त किया कि किसी भी विधायक को अनुचित तरीके से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12