लाइव/हिमाचल सोलन : अरशी ग्रामीण संस्था सोलन द्वारा ग्राम पंचायत डांगरी के डांगरी गांव में पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह सन्नी के सहयोग से एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में एचआईवी (HIV), यौन संचरित संक्रमण (STI) और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना था।
एचआईवी जांच और स्वास्थ्य परामर्श का मिला लाभ
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को एचआईवी और एसटीआई के संक्रमण के कारणों, बचाव के तरीकों, सुरक्षित व्यवहार और समय पर जांच व इलाज के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही नशे से शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले गंभीर परिणामों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया गया। इस मौके पर मौके पर ही ग्रामीणों की एचआईवी जांच भी की गई और उन्हें किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण को नजरअंदाज न करते हुए समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की ओर से पूनम कंवर और सुनीता कंवर के साथ सरकारी अस्पताल सोलन से आई कृतिका तोमर ने मुख्य भूमिका निभाई और ग्रामीणों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारियां प्रदान कीं। शिविर के सफल और सुचारू आयोजन के लिए संस्था ने ग्राम पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह सन्नी और स्थानीय ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।





