शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं में नकल रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं से पहले ही हर हाल में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने अनिवार्य होंगे। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा विनियमों के नियमों में बड़ा संशोधन किया गया है। नए नियमों के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों के सभी कमरों, हॉलों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर हाई-टेक कैमरे लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि ये कैमरे सिर्फ वीडियो ही नहीं, बल्कि ऑडियो यानी आवाज भी रिकॉर्ड करेंगे, ताकि परीक्षा की हर गतिविधि पर पूरी नजर रखी जा सके। इतना ही नहीं, सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए परीक्षा केंद्रों को ‘नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर’ का इस्तेमाल करना होगा, जिसमें कम से कम एक महीने का बैकअप सुरक्षित रखना जरूरी होगा। साथ ही, इंटरनेट कनेक्टिविटी भी ऐसी होनी चाहिए जिससे जरूरत पड़ने पर बोर्ड हेडक्वार्टर से भी रिकॉर्डिंग को आसानी से चेक किया जा सके। वहीं बोर्ड अध्यक्ष ने साफ किया है कि परीक्षा प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए यह आधुनिक कदम उठाया गया है, और सभी शिक्षण संस्थानों को इन नए नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।





