शिमला : हिमाचल प्रदेश में बागवानी करने वाले लोगों के लिए देश के बड़े उद्योगपति गौतम अडाणी ने बड़ा ऐलान किया है. अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की पूरी तरह से मालिकाना कंपनी अदाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड (एएएफएल) ने बताया कि वह जल्दी ही हिमाचल प्रदेश से गुठली वाले फल, खासकर चेरी खरीदना शुरू करेगी. कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हम अगले सीजन से चेरी खरीदना शुरू करेंगे और धीरे-धीरे आड़ू और आलूबुखारा जैसे दूसरे गुठलीदार फलों तक बढ़ाएंगे. यह हमारे सेब खरीदने के अनुभव को आगे बढ़ाने और किसानों को बेहतर बाजार देने की कोशिश का हिस्सा है.’ उन्होंने कहा कि इस कदम से फलों को ज्यादा समय तक स्टोर किया जा सकेगा, किसानों को बड़े बाजार मिलेंगे और उनकी फसल का अच्छा दाम मिलेगा. एएएफएल हिमाचल प्रदेश में सेब खरीदने, स्टोर करने और बेचने वाली शुरुआती कंपनियों में से एक है. कंपनी ने 2006 में ‘फार्म-पिक’ ब्रांड के नाम से काम शुरू किया था. तब से अब तक कंपनी ने 17,000 से ज्यादा किसानों से तीन लाख टन से ज्यादा सेब खरीदे हैं और किसानों को सीधे करीब 1,500 करोड़ रुपये दिए हैं.’ उन्होंने बताया कि कंपनी ने हिमाचल प्रदेश में कुल 25,000 टन स्टोरेज की सुविधा बनाई है, जिससे फलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और किसानों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिली है।





