लाइव हिमाचल/सोलन/अर्की: अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव चवाहन से संबंध रखने वाली डॉ. रीना शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और हिमाचल का मान बढ़ाते हुए साउथ एशिया यूनिवर्स 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। टेक्सास, अमरीका में कार्यक्रम का आयोजन माय ड्रीम ग्लोबल एवं माय ड्रीम टीवी यूएसए द्वारा रश्मि बेदी के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में साउथ एशिया यूनिवर्स, मिसेज साउथ एशिया यूनिवर्स और राइजिंग स्टार ऑफ टेक्सास जैसी श्रेणियां शामिल थीं। प्रतियोगिता में पूर्व-विशिष्ट राउंड, हेरिटेज राउंड, ब्लैक एवं गोल्डन राउंड, फाइनल गाउन राउंड और निर्णायक मंडल का प्रश्न-उत्तर राउंड शामिल थे। डा. रीना शर्मा ने हर राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से प्रश्न-उत्तर राउंड में उनकी स्पष्ट सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व ने निर्णायकों को प्रभावित किया। सभी राउंड्स के कुल अंकों में सर्वोच्च स्थान हासिल करते हुए उन्होंने साउथ एशिया यूनिवर्स की सबसे प्रतिष्ठित श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी और संयोजक रश्मि बेदी ने उन्हें ताज पहनाया। डॉ. रीना शर्मा पेशे से साइंटिस्ट हैं और पिछले छह सालों से अमरीकी कंपनी में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं।





