कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को 10 घंटे में दो मर्डर हुए हैं. शिमला में जहां छोटे भाई ने बड़े भाई का कत्ल किया. वहीं, कांगड़ा में अब पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर दी. दोनों ही मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गय़ा है. जानकारी के अनुसार, कांगड़ा के जयसिंहपुर के लंबागांव के कुटाहण गांव में यह घटना पेश आई है. सोमवार सुबह एक शख्स ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. आरोपी की पहचान सन्नी कुमार निवासी लंबागांव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार को आरोपी अपनी पत्नी काल्टी देवी को झाड़-फूंक के लिए लेकर गया था और फिर देर रात कुटाहण में अपने भाई के घर पहुंचा. इस दौरान सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से काट दिया. घटना के दौरान आरोपी का भाई अपने कमरे में सो रहा था. बताया जा रहा है कि महिला के दो छोटे बेटे और एक बेटी हैं. वहीं, आरोपी आरोपी मूल रूप से बैजनाथ के बीड़ का रहने वाला है. लेकिन काफी समय से परिवार के साथ लंबागांव में रहता था. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी. सोमवार को ही शिमला के रामपुर के झाकड़ी में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी, जिसका शव श्मशानघाट के पास मिला. दोनों भाइयों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ तो विक्रम ने बड़े भाई अनिल को मार दिय़ा. उसके शरीब पर चोट के निशान पाए गए हैं. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल लिया है.





