लाइव हिमाचल/मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में संदिग्ध हालात में एक महिला का शव नाले में मिला. प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही एसपी मंडी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच की गई. पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी में पता चला 40 साल की महिला मणि देवी की द्रुब्बल गांव भजेरा की रहने वाली थी और आरठी गांव में आई थी. देर रात अप्पर गरोडू के पास नाले में उनकी लाश मिली. शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि महिला को किसी ने छत से धक्का दिया है. पुराई आईटीआई के पास की यह घटना है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





