Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है, जिससे सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों के कई हिस्सों में शीतलहर दर्ज की गई है, जबकि निचले इलाकों की रातें पहाड़ी राजधानी शिमला से भी अधिक ठंडी हो गई हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शिमला का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान इससे काफी नीचे चला गया. सुंदरनगर (मंडी) में 1.5, भुंतर (कुल्लू) में 1.3, कल्पा (किन्नौर) में 0.0, धर्मशाला में 3.2, ऊना और पालमपुर में 2.0, सोलन में 0.6, मनाली में 2.6, कांगड़ा में 2.4, मंडी में 2.7, हमीरपुर में 1.4 और बरठी में 0.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और भी ज्यादा बढ़ गई है. लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -7.4 और ताबो में -7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि जब तक पहाड़ों में अच्छी बारिश या बर्फबारी नहीं होती, तब तक मैदानी इलाकों में कोहरा और शीतलहर लोगों को परेशान करती रहेगी.
तीन महीने से जारी ड्राइ स्पेल से बढ़ी चिंता
इस सर्दी के मौसम में बारिश और बर्फबारी न होने से हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में नवंबर में सामान्य से 96 प्रतिशत, दिसंबर में 99 प्रतिशत और जनवरी में अब तक 88 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. आगामी एक सप्ताह तक भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं. हालांकि, 16 से 19 जनवरी के बीच अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तीन महीने से चला आ रहा ड्राइ स्पेल टूटने की उम्मीद कम है.
किसान-बागवान और पर्यटन उद्योग पर असर
लंबे समय से जारी सूखे मौसम का असर अब किसानों, बागवानों और पर्यटन उद्योग पर साफ नजर आने लगा है. गेहूं, सेब बागानों और अन्य फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. बर्फबारी न होने से पर्यटन से जुड़े कारोबारी भी परेशान हैं. प्रदेशवासी लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं.





