लकांगड़ा: अमेरिका द्वारा हाल ही में जब्त किए गए रूसी ध्वज वाले एक टैंकर के चालक दल में शामिल तीन भारतीयों में से एक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी हैं और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी सुरक्षित भारत वापसी कराने के लिए अपील की है। परिजनों के अनुसार, रक्षित चौहान को उनके रूसी नियोक्ता द्वारा पहले समुद्री असाइनमेंट के तहत वेनेजुएला भेजा गया था। वह 28 सदस्यीय चालक दल वाले ‘मैरिनेरा’ टैंकर में सवार थे, जिसे अमेरिकी तटरक्षक बल ने सात जनवरी को उत्तरी अटलांटिक महासागर में जब्त कर लिया। प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र के रानी सिद्धपुर गांव निवासी युवक रक्षित चौहान अमेरिका की हिरासत में है। रक्षित उस रूसी जहाज का क्रू मेंबर बताया जा रहा है, जिसे अमेरिका ने अपने कब्जे में लिया है। बेटे की सुरक्षित घर वापसी के लिए रक्षित की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी को वेनेजुएला में तेल खरीदने जा रहे एक जहाज को अमेरिका ने जब्त कर लिया था। इसी जहाज के क्रू मेंबर के रूप में हिमाचल प्रदेश के रक्षित चौहान भी सवार थे। रक्षित की मां ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार 7 जनवरी को बातचीत हुई थी। रक्षित की शादी 19 फरवरी को तय है और परिवार को उम्मीद है कि वह शादी से पहले सुरक्षित घर लौट आएगा। मां ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी उनके बेटे को सुरक्षित वापस लाएंगे। रक्षित के बड़े भाई राहुल चौहान ने बताया कि 7 जनवरी को हुई अंतिम बातचीत में रक्षित ने बताया था कि वह ऐसे क्षेत्र में जा रहा है, जहां नेटवर्क की समस्या होगी और कुछ समय तक परिवार से संपर्क नहीं हो पाएगा। दो-तीन दिन बाद उन्हें जानकारी मिली कि रक्षित वाला जहाज अमेरिका के नियंत्रण में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि जहाज में एक युवक केरल और एक गोवा का भी शामिल है। परिवार ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से मांग की है कि सभी भारतीय क्रू मेंबर्स को जल्द से जल्द रिहा कराया जाए। रक्षित के पिता रंजीत सिंह ने बताया कि रक्षित 1 अगस्त 2025 को विदेश गया था, जहां उसने एक रूसी कंपनी का जहाज ज्वाइन किया। चार-पांच महीने बाद कंपनी ने उसे वेनेजुएला से तेल लाने के लिए भेजा। जब जहाज वेनेजुएला की सीमा के पास पहुंचा तो कंपनी ने आगे न बढ़ने की सलाह दी, क्योंकि वहां संपर्क टूटने की आशंका थी। जहाज करीब दस दिन तक वहीं रुका रहा, बाद में कंपनी ने उसे वापस बुला लिया। इसी दौरान अमेरिका ने वेनेजुएला पर कार्रवाई की और जहाज को अपने कब्जे में ले लिया।





