Home » Uncategorized » परवाणू पुलिस ने हेरोइन के साथ मोहाली से किया मुख्य सप्लायर गिरफ्तार…

परवाणू पुलिस ने हेरोइन के साथ मोहाली से किया मुख्य सप्लायर गिरफ्तार…

सोलन: जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने अभियान में बैकवर्ड लिंकेज के जरिए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। परवाणू पुलिस ने नशा तस्करी की कड़ियों को जोड़ते हुए पंजाब के मोहाली से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 20 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान सतनाम सिंह (28) पुत्र इंद्र सिंह, निवासी गांव चकसोना सुंदर, जलालाबाद, जिला फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है, जिसे अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले की शुरुआत 7 जनवरी 2026 को हुई थी, जब पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू की टर्मिनल मार्केट से दक्ष (22) निवासी राम दरबार, चंडीगढ़ को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई और उसके कॉल डिटेल्स व डिजिटल इनपुट्स का तकनीकी विश्लेषण किया गया, तो नशे के असली स्रोत का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि दक्ष ने यह नशा चंडीगढ़ और मोहाली क्षेत्र में सक्रिय सतनाम से खरीदा था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर परवाणू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहाली (पंजाब) में दबिश दी और मुख्य सरगना सतनाम सिंह को दबोच लिया। तलाशी लेने पर सतनाम के पास से भी 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिससे इस केस में कुल बरामदगी 20 ग्राम से अधिक हो गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सतनाम सिंह एक आदतन अपराधी है और पहले भी नशा तस्करी में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पंजाब के डेराबस्सी थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है, जिसमें उससे 20 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई थी। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से उसके नेटवर्क के अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *