Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रविवार देर रात आग लगने की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अर्की उपमंडल के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में लगी आग में करीब सात वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार आधी रात भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे में आठ साल की एक बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 8 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 2 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत बाजार क्षेत्र में स्थित एक रिहायशी दो मंजिला मकान से हुई। इसकी निचली मंजिल में दुकानें और ऊपर वाली मंजिल में नेपाल और बिहार की लेबर रहती थी। कुछ ही देर में आग ने आसपास की दुकानों और अन्य भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक के बाद एक कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क गई। इससे हालात और भी भयावह हो गए। सिलेंडरों के धमाकों की आवाज से पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं और लाखों रुपए का सामान नष्ट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक संजय अवस्थी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग रात करीब ढाई बजे भड़की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विधायक ने कहा कि जो लोग लापता बताए जा रहे हैं, उनकी तलाश के लिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मलबा हटाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। इस हादसे के बाद अर्की बाजार और आसपास के क्षेत्रों में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए तुरंत राहत, मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की जांच करवाई जाएगी और पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी। खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है।






