
लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस साल नशे के कारोबारियों पर पुलिस पूरी तरह हावी है। जिस अंदाज में इस वर्ष की शुरुआत हुई है। वह नशा तस्करों के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है। वहीं ताजा मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 100 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पहले मामले में 4 जनवरी 2026 को एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सलोगड़ा मेला ग्राउंड में चिट्टा बेचने की फिराक में खड़े दो आरोपियों जितेश उर्फ मुन्ना और नीरज को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 6 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।इसी मामले की आगे की जांच के दौरान 5 और 6 जनवरी की मध्यरात्रि को पुलिस ने जीरकपुर से सोलन में चिट्टा सप्लाई करने वाले साहिल और करण को 7.23 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर इकबाल उर्फ बिट्टू को जीरकपुर (पंजाब) से 87 ग्राम चिट्टा सहित दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से हिमाचल प्रदेश में चिट्टा सप्लाई कर रहा था। इस मामले को लेकर सोलन के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक एसपी गौरव सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान और भी तेज किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।आंकड़े बताते हैं कि सोलन पुलिस का अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। वर्ष 2025 में सोलन जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 112 मामले दर्ज कर 195 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पिछले ढाई वर्षों में 242 मामलों में 502 आरोपियों को जेल भेजा गया है। इसके साथ ही 15 करोड़ रुपये से अधिक की नशे से अर्जित संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं। नशे के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए सोलन पुलिस द्वारा चलाई जा रही ‘रुस्तम योजना’ के तहत अब तक करीब 14 हजार लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा चुका है। जिला पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





