कुल्लू : पति ने तीसरी शादी की तो पत्नी में घर में आग लगा दी. गुस्साई महिला समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामला हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले का है. सभी आरोपियों को 24 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. दरअसल, कुल्लू जिले की पार्वती वैली के डढई गांव में एक घर में आग लग गई थी. इस दौरान आग लगने के कारणों की जांच की जा रही थी. इसी बीच पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ और अग्निकांड में 4 महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दरअसल, डढई गांव में हुई इस आगजनी में 2 घर, एक देवता का भंडार सहित 4 भवन जल गए थे. पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी महिला की शादी डढई गांव में हुई थी. अब पति ने तीसरी शादी कर ली. फिर क्या था, महिला गुस्से में आग बबूली हो घई और अपनी 3 रिश्तेदार महिलाओं के साथ पति के घर को आग लगा दी. इस अग्निकांड में 2 परिवार बेघर हो गए. बताया जा रहा है कि एक प्रभावित परिवार गौशाला तो दूसरा अन्य गांव में में पुराने घर में रहने चला गया है. एसपी मदन लाल ने महिलाओं की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. बीते 7 दिसंबर को कुल्लू की पार्वती घाटी के डढेई गांव में यह घटना पेश आई थी. आगजनी में 12 और 18 कमरों के दो मकान जलकर राख हो गए थे और देवता अठारह का चार मंजिला भंडारण भी जलकर राख हो गया था. फिलहाल, इस अग्निकांड में एक करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति का नुकसान हुआ था. हालांकि, पूरा मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है।





