Home » Uncategorized » स्कूल परिसर के 50 मीटर के दायरे में अब नहीं बिकेगा बर्गर,पिज्जा व चिप्स, मंडी में प्रशासन का बड़ा फैसला…

स्कूल परिसर के 50 मीटर के दायरे में अब नहीं बिकेगा बर्गर,पिज्जा व चिप्स, मंडी में प्रशासन का बड़ा फैसला…

मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल परिसर के आसपास ट्रांस फैट युक्त और स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक खाद्य पदार्थों जैसे बर्गर, पिज्जा व चिप्स इत्यादि की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार के लिए गठित जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट किया कि स्कूल परिसर से 50 मीटर की दूरी तक ऐसे खाद्य पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए गए। इस पहल में खाद्य सुरक्षा विभाग व स्कूल प्रबंधन की भी अहम भूमिका रहेगी। स्कूलों के मुख्य द्वार पर इस संबंध में सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि अभिभावकों और विक्रेताओं को नियमों की जानकारी मिल सके। स्कूल परिसर के भीतर भी ट्रांस फैट युक्त खाद्य पदार्थों के वितरण पर रोक रहेगी और इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूल परिसरों के बाहर दोनों ओर निर्धारित दूरी तक इन पदार्थों की बिक्री पर नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी खाद्य सुरक्षा विभाग को सौंपी है। उपायुक्त ने ईट राइट मुहिम के तहत अधिक से अधिक स्कूलों को जोड़ने के निर्देश शिक्षा विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग को दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *