शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के गाइड या हेल्पबुक से पढ़ाने पर शिक्षा विभाग ने रोक लगा दी है. कक्षाओं में अब हेल्पबुक से पढ़ाने पर कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने आदेश जारी कर दिए हैं. शिक्षा में गुणवत्ता के लिए ये कदम उठाया गया है. निदेशक की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि अब कक्षाओं में हेल्पबुक ले जाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, अगर कोई शिक्षक इन आदेशों की उल्लंघना करता है तो उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेशों की पालना के लिए स्कूलों के मुख्य अध्यापकों और प्रधानाचार्य को अधिकृत किया गया है. निदेशालय की ओर से जारी आदेशों में स्कूल प्रमुखों को कक्षाओं में औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया है. अगर कोई शिक्षक गाइड का इस्तेमाल करते हुए पाया जाता है तो उस पर कार्रवाई करने के साथ-साथ निदेशालय को भी इसकी सूचना देनी होगी. इस संबंध में सभी जिलों के उप निदेशकों को भी निर्देश दिए गए हैं. जिला अधिकारियों को भी स्कूलों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं. शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा है कि अब कक्षा में एनसीईआरटी की किताबें ही पढ़ाई के लिए मान्य होंगी. कुछ स्कूलों से इस संबंध में शिकायत आई थी शिक्षक छात्रों को गाइड से या हेल्पबुक से पढ़ा रहे हैं, जो नियमों के खिलाफ हैं, इससे छात्रों के समझने की क्षमता प्रभावित होती है. हेल्पबुक से किसी तरह की नई समझ भी विकसित नहीं होती है।





