
शिमला : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के सगंठन के गठन को लेकर जल्दज ही फैसला हो सकता है. सीएम सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं. कांग्रेस में जिला अध्यक्षों के नाम आज तय हो सकते हैं. दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक होनी है और इस बैठक में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार भी शामिल होंगे. इसके साथ ही जिला कमेटियों के गठन की प्रकिया भी तेज हो जाएगी. सभी जिलों के पर्यवेक्षकों ने संगठन सृजन अभियान की रिपोर्ट भी कांग्रेस आलाकमान को सौंपी दी है. इस बैठक में उस रिपोर्ट को भी रखा जाएगा. ऐसा माना जा रहा है कि मीटिंग में ही जिलाध्यक्षों के नाम तय किए जाएंगे और कुछ समय बाद औपचारिक एलान किया जाएगा. पर्यवेक्षकों के पास जिन लोगों के अध्यक्ष पद के लिए नाम या आवेदन आए हैं, उन नामों पर चर्चा की जाएगी. संगठन में उनके अब तक के कार्यों और सक्रियता के साथ-साथ वरिष्ठत्ता को भी देखा जाएगा. माना ये भी जा रहा है कि जिला अध्यक्ष के पद पर कई नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे. साथ ही सीएम सुक्खू की पसंद भी मायने रखेगी. हालांकि कार्यकारिणी में स्थान और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए लॉबिंग भी जारी है। इस बैठक को लेकर विनय कुमार ने फोन पर बताया कि आज जिलाध्यक्षों की नियुक्ति समेत संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर होगी चर्चा, पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्ति होगी, उसके बाद ब्लॉक अध्यक्ष और फिर प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी. ये भी बताते चलें कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्ष बनाने की प्रकिया 10 राज्यों में अपनाई है. संगठन सृजन अभियान के लिए हिमाचल में विकार शक्ति सिंह गोहिल, रसूल वाणी, राजेश ठाकुर, कुलदीप इंदौरा, सुखदेव भगत, संजना जाटव, जितेंद्र बघेल, बीपी सिंह, गीता भुक्कल, हीना कावरे, सुखदेव पंसे और ज्योति रौतेला को पर्यवेक्षक बनाया गया है।





