
नेशनल डेस्क: बेड पर सो रहे माता-पिता के बीच दबकर 26 दिन के मासूम की मौत हो गई. घटना शनिवार रात की है. मासूम अपने मां-बाप के साथ सोया था. रात में किसी समय दोनों ने करवट ली. इससे मासूम दोनों के बीच दब गया. सुबह मां दूध पिलाने उठी तो बच्चे में कोई हरकत न होने पर चीख-पुकार मच गई. गजरौला थाना क्षेत्र के सिहाली जागीर गांव के रहने वाले सद्दाम अब्बासी पौधों की नर्सरी चलाते हैं. उनका घर कच्चा है. एक साल पहले उन्होंने आसमा से निकाह किया था. पिछले महीने 10 नवंबर को आसमा ने बेटे को जन्म दिया था. सद्दाम ने बेटे का नाम सूफियान रखा था. जन्म के बाद नवजात को सांस की दिक्कत हुई तो डॉक्टरों ने उसे मशीन में रखा था. इसके दो दिन बाद सद्दाम अपनी बीवी और नवजात को गांव ले आया था. लेकिन बाद में उसके बेटे को पीलिया हो गया था. इसका भी इलाज चला था. परिजनों के अनुसार घर में नए मेहमान के आने से लोग खुश थे. शनिवार को सद्दाम और आसमा एक बेड पर सो रहे थे. उनका 26 दिन का बेटा सूफियान दोनों के बीच सो रहा था. रात में गहरी नींद में होने पर माता-पिता ने करवट बदली तो मासूम दोनों के बीच दब गया. सद्दाम ने बताया कि रविवार की सुबह आसमा सोकर उठी. वह बच्चे को पिलाने के लिए दूध गर्म करके लाई. हिलाने-डुलाने पर भी बच्चा कोई हरकत नहीं कर रहा था. इससे पत्नी चीख पड़ी. मैं बेटे को लेकर गजरौला सीएचसी पहुंचा. वहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. गजरौला सीएचसी चिकित्सा प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार के लोग बच्चे को लेकर आए थे. जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. वहीं बच्चे की मौत के बाद पति-पत्नी अस्पताल में ही झगड़ने लगे. एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे. बाद में परिवार के लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद दोनों घर लौट आए. घर आने पर मां बच्चे के कपड़े और खिलौने देखकर फूट-फूटकर रोने लगी।





