Home » Uncategorized » NDA की पहचान विकास से, RJD और कांग्रेस की पहचान विनाश से, सहरसा में गरजे पीएम मोदी…

NDA की पहचान विकास से, RJD और कांग्रेस की पहचान विनाश से, सहरसा में गरजे पीएम मोदी…

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सहरसा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए बिहार की जनता, खासकर महिलाओं और युवाओं से “जंगलराज” की ताकतों से सतर्क रहने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए विकास की राजनीति करती है, जबकि राजद और कांग्रेस विनाश की राजनीति में विश्वास रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा, “मैं बिहार की हर बहन-बेटी से कहना चाहता हूं कि वे सतर्क रहें। ये जंगलराज वाले लोग आपकी योजनाओं से मिलने वाली हर मदद को रोकना चाहते हैं। इनका विकास से कोई लेना-देना नहीं है। एनडीए की पहचान विकास से है और राजद-कांग्रेस की पहचान विनाश से है।” उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में सड़कों, पुलों, रेल और हवाई सेवाओं के ज़रिए विकास का नया युग शुरू किया है, जबकि कांग्रेस और राजद के शासन में यही काम रुक गए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “6 नवंबर की सुबह सहरसा और मधेपुरा में मतदान होगा। कई बेटे-बेटियाँ पहली बार वोट डालेंगे। जब मैंने पहली बार वोट डाला था, तब मेरी इच्छा थी कि मेरा वोट बेकार न जाए, बल्कि सरकार बनाने में योगदान दे। मैं चाहता हूँ कि आपका पहला वोट एनडीए की मज़बूत सरकार बनाने वाला वोट बने। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस और राजद गठबंधन पर बिहार के विकास को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोसी रेल महासेतु पुल जैसी परियोजनाएँ वर्षों तक ठप पड़ी रहीं क्योंकि केंद्र में कांग्रेस और दिल्ली में राजद का गठबंधन था। उन्होंने कहा, “कोसी रेल महासेतु का शिलान्यास अटल बिहारी वाजपेयी जी ने 2003 में किया था। लेकिन 2004 में जब मनमोहन सिंह की सरकार आई, जो राजद के समर्थन से चल रही थी, तो इस परियोजना को रोक दिया गया। बिहार की जनता ने तब 2005 में नीतीश कुमार जी को मौका दिया और राजद को हर गली से साफ़ कर दिया। पीएम मोदी ने आगे कहा, “राजद का अहंकार इतना बढ़ गया था कि उन्होंने बिहार से बदला लेना शुरू कर दिया। सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के साथ बैठकर उन्होंने बिहार के विकास के लिए मिलने वाली राशि रोक दी। उन्होंने बिहार की जनता के कल्याण के लिए बनाई गई परियोजनाएँ ठप कर दीं। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे वह किसान हों, महिलाएँ हों या युवा। उन्होंने जनता से कहा कि आने वाले चुनाव में वे “विकास बनाम विनाश” के बीच फैसला करें। उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। अब बिहार को फिर से अंधेरे में नहीं, उजाले में ले जाना है। आपका वोट एनडीए की सरकार को मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *