Home » Uncategorized » शिमला में मेडिकल और कॉलेज छात्रों में हुई भिड़ंत, छह घायल…

शिमला में मेडिकल और कॉलेज छात्रों में हुई भिड़ंत, छह घायल…

शिमला: रविवार शाम शिमला में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आईजीएमसी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रशिक्षु डॉक्टरों और संजौली कॉलेज के कुछ छात्रों के बीच विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के पास किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और छात्रों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. मारपीट में दोनों ओर से कई छात्र घायल हो गए. जैसे ही मेडिकल कॉलेज के अन्य छात्रों को अपने साथियों के साथ मारपीट की जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में होस्टल से बाहर निकल आए. कुछ ही मिनटों में मौके पर दोनों कॉलेजों के छात्र आमने-सामने आ गए. माहौल तनावपूर्ण हो गया और लात-घूंसे चलने लगे. मौके पर स्थिति बेकाबू होती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही लक्कड़बाजार चौकी से पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. हिंसक झड़प में करीब छह छात्रों को चोटें आईं हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की देखरेख कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल छात्रों के बयान लिए जा रहे हैं. फिलहाल किसी भी छात्र की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से कई छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाया है. लक्कड़बाजार चौकी की टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि विवाद किसी मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल छात्रों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *