Home » Uncategorized » ऐसा सबक सिखाया, आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी’, बरेली हिंसा पर बोले सीएम योगी

ऐसा सबक सिखाया, आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी’, बरेली हिंसा पर बोले सीएम योगी

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरेली में हुई हिंसा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने साफ कहा कि अब उपद्रव और दंगे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि उन्हें और उनकी आने वाली पीढ़ियों को भी सबक मिल जाए। सीएम योगी ने कहा कि, “कुछ लोगों की बुरी आदतें आसानी से नहीं जातीं। ऐसे लोगों को सुधारने के लिए उनकी ‘डेंटिंग-पेंटिंग’ करनी पड़ती है। बरेली में जो हुआ, वही डेंटिंग-पेंटिंग थी।” उन्होंने आगे कहा कि पहले त्योहारों पर अक्सर उपद्रव होते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हिंसा के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “वो मौलाना यह भूल गया था कि अब शासन किसका है। उसे लगता था कि धमकी देकर सड़कें जाम कर देगा, लेकिन हमने कहा कि न तो जाम लगेगा और न ही कर्फ्यू लगेगा। लेकिन हमने ऐसा सबक सिखाया कि आगे आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में आए दिन कर्फ्यू लगते थे और उपद्रवी हावी रहते थे। लेकिन उनकी सरकार आने के बाद हालात बदले हैं। उन्होंने कहा, “हमने उपद्रवियों को उन्हीं की भाषा में समझाया और सजा भी दिलाई। सीएम योगी ने कहा कि समाज को गुमराह करने वाले, जाति और परिवार के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा, “हमने ऐसे लोगों के लिए ही बुलडोजर बनाया है, जो समाज को झूठे नारों से गुमराह करते हैं और कानून को अपने हिसाब से तोड़ने की कोशिश करते हैं। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उत्तर प्रदेश अब विकास के रास्ते पर है और किसी को भी कानून तोड़ने या माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “अब उत्तर प्रदेश दंगों का नहीं, विकास का राज्य बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *