Home » ताजा खबरें » निर्माणाधीन फैक्टरी में युवक का रहस्यमयी शव मिला

निर्माणाधीन फैक्टरी में युवक का रहस्यमयी शव मिला

पानीपत : यमुना एंक्लेव के पास सेक्टर 13-17 रोड पर स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में गुरुवार देर रात अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या पहले की गई थी और उसके बाद शव को जलाकर नष्ट करने की कोशिश की गई।शव के अवशेषों में खोपड़ी टूटी हुई मिली, जिससे लग रहा है कि हत्या के दौरान युवक के सिर पर किसी भारी हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने शव के जले और सड़े हुए टुकड़ों को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।फैक्टरी मालिक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची सीआईए और एफएसएल टीम ने शव और आसपास के इलाके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारियों का कहना है कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना हो सकता है।महाकाल जन सेवा दल के सदस्य कपिल मल्होत्रा ने बताया कि उन्होंने भी शव के अवशेष देखे, जो पूरी तरह से जले और क्षतिग्रस्त थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पुष्टि कर रही है कि युवक की हत्या उसके सिर पर किए गए हमले के बाद की गई और शव को जलाकर नष्ट करने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले ही जीटी रोड के खादी आश्रम के पास एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसमें सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। दोनों मामलों की गहन जांच सीआईए की टीम कर रही है और यह देखा जा रहा है कि क्या इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है। थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *