शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन स्कूल लाने पर पूर्ण रोक लगाई थी। अब सरकार ने जमा एक व दो कक्षा के विद्यार्थियों को बैग फ्री डे के दिन मोबाइल फोन लाने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति केवल विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को होगी। निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। शिक्षा विभाग का कहना है कि यह सुविधा विशेष तौर पर उन विद्यार्थियों के लिए है जो जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस दिन वे मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल आनलाइन कोचिंग और शैक्षणिक कार्य के लिए कर पाएंगे। स्कूल शिक्षा निदेशक ने सभी उपनिदेशकों को निर्देश का पालन करने को कहा है। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्यों को कहा है कि विद्यार्थियों को भी इस बारे में सूचित करें। अन्य विद्यार्थियों के लिए पूर्व की तरह मोबाइल फोन पर प्रतिबंध रहेगा। बीते दिनों स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कक्षाओं में मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। शिक्षकों को भी कक्षाओं में मोबाइल फोन ले जाने पर रोक है। सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है, ताकि विद्यार्थी व शिक्षक पढ़ाई की ओर ज्यादा से ज्यादा ध्यन दे सकें।





