Home » Uncategorized » रूस के उप प्रधानमंत्री व कृषि मंत्री के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की हुई बैठक

रूस के उप प्रधानमंत्री व कृषि मंत्री के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की हुई बैठक

नेशनल डेस्क: रूस के उप प्रधानमंत्री श्री दिमित्री पेत्रुशेव, उनके डिप्टी एग्रीकल्चर मिनिस्टर सहित प्रतिनिधमंडल के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की आज कृषि भवन, नई दिल्ली में महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक हुई। शिवराज सिंह ने कहा कि ये बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण व उपयोगी रही है। हमने कृषि एवं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग, द्विपक्षीय व्यापार संतुलित करने, तकनीकी साझेदारी और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की है। इस बैठक के बाद मीडिया को दिए वक्तव्य में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि रूस के समर्थन व सहयोग से व्यापार और लंबित मुद्दों का निश्चित तौर पर समाधान निकलेगा, जिसका लाभ हमारे किसानों, उपभोक्ताओं एवं दोनों देशों के नागरिकों को मिलेगा। शिवराज सिंह ने कहा कि रूस और भारत की मित्रता शांति व स्थिरता के लिए भी आवश्यक है और भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम” की जो भावना है, सारी दुनिया ही हमारा परिवार है, हम अपने राष्ट्रहितों का संरक्षण करते हुए रूस के साथ भी और बेहतर कृषि व्यापार हो, नवाचार हो, खाद्य सुरक्षा के लिए हम साथ मिलकर काम करें, शिक्षा के क्षेत्र में काम करें, यह हमारी मंशा है और इन मुद्दों पर बहुत सकारात्मक चर्चा हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *