Kangana Ranaut: हिमाचल प्रदेश के मनाली विधानसभा दौरे पर पहुंचीं सांसद कंगना रनौत को पतलीकूहल में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा. कंगना बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल और घरों का जायज़ा लेने यहां पहुंची थीं. इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक कंगना’ के नारे लगाए.
BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
विरोध को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई. स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस ने मोर्चा संभाला और मौके पर मौजूद तीन प्रदर्शनकारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मनाली यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा, हिमाचल में आपदा के दौरान सांसद कंगना रनोट नदारद रहीं. उन्होंने कहा- जब कुल्लू-मनाली में भारी तबाही हुई, उस दौरान सांसद ने चुनाव क्षेत्र में आना उचित नहीं समझा. जब जन जीवन पटरी पर लौटा है, अब जाकर कंगना मनाली पहुंच कर राजनीति कर रही हैं. मनीष ठाकुर ने कहा, सांसद होने के नाते युवा कांग्रेस ने शांतिपूर्ण विरोध किया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की की. उन्होंने पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर के मेहमान वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी,. मनीष ने कहा, अगर वे मेहमान होतीं तो हम उनका स्वागत करते. लेकिन, कंगना मनाली की रहने वाली है और हमारी सांसद हैं। इससे पहले बाहंग में एक ब्लॉगर के सवालों पर कंगना भड़क गईं और डिजास्टर से क्षेत्र के साथ साथ स्वयं के बिजनेस को भी हुए नुकसान की बात कह डाली। लेट आने के सवाल के जवाब पर कंगना ने कहा कि होम मिनिस्टर से मिली। प्रधानमंत्री के साथ दौरे पर आई। कंगना से जो हो सकता है वह करती है।
15 लाख सैलरी बनती है 50 रुपये का बिजनेस हुआ
उन्होंने ब्लॉगर के सवाल पर कहा कि नुकसान उन्हें भी हुआ है। कंगना ने कहा कि मेरा भी रेस्टोरेंट है यहां पर जिसमें कल 50 रुपये का बिजनेस हुआ, स्टाफ की सैलरी ही 15 लाख रुपये बनती है, मेरा भी दर्द आप जैसा ही है। एक सवाल के जवाब पर कंगना ने कहा कि ऑफिस बियरर पर्सन पैसा इकट्ठा नहीं करना सकता, कोई भी इंडिविजुअल पैसा इकट्ठा न करें, लोगों से भी ये आग्रह है कि कोई भी इंडिविजुअल एनजीओ में पैसा न दें, भारतीय जनता पार्टी का फंड है, आरएसएस का फंड है, डिप्टी कलेक्टर के फंड है, प्रधानमंत्री के राहत कोष हैं। इस तरह की कई व्यवस्थाएं मिलेंगी, लेकिन किसी भी इंडिविजुअल को फंड न करें, मेरी आपसे विनती है, हमें यह अलाउड नहीं।





