Home » ताजा खबरें » समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य : पठानिया

समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य : पठानिया

लाइव हिमाचल/शाहपुर : उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने आज रैत स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनने के उपरांत जानकारी दी कि रैत विकास खंड की 61 पंचायतों में गत दो वर्षों के दौरान ग्रामीण विकास विभाग द्वारा लगभग 16 करोड़ रुपये की धनराशि विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय की गई है।उन्होंने बताया कि इस धनराशि से क्षेत्र में रास्तों, कूहलों, पौधारोपण, पिट, गौ शेड तथा प्रोटेक्शन वॉल इत्यादि का निर्माण किया गया है। इस अवसर पर पठानिया ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का इन विकास कार्यों हेतु विशेष आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैत विकास खंड में कार्यरत 165 स्वयं सहायता समूहों को, जिनमें लगभग 1000 महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हैं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 4.17 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने हेतु दी गई है, जिससे वे अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकें। पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने मौके पर उपस्थित आमजन की समस्याएं भी सुनीं और अधिकतर मामलों का निपटारा स्थल पर ही किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। इसके उपरान्त उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया शाहपुर के प्रसिद्ध तल माता मंदिर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए और विधिवत पूजा अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया । इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *