Home » ताजा खबरें » Himachal Rain Alert: बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन हुआ प्रभावित, प्रदेश में 8 मई तक बारिश का अलर्ट जारी…

Himachal Rain Alert: बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन हुआ प्रभावित, प्रदेश में 8 मई तक बारिश का अलर्ट जारी…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम अचानक बदल गया है. जहां पहले गर्मी बढ़ने से पहाड़ों में तापमान बढ़ रहा था, वहीं अब बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से ठंडक आ गई है. ऐसा बदलाव अगले एक हफ्ते तक जारी रहेगा. रविवार सुबह से ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई. शिमला से लेकर धर्मशाला तक मौसम खराब रहा. अपर शिमला के फागू, कुफरी, ठियोग, चियोग, कोटगढ़, कुमारसैन और नारकंडा के कई इलाकों में सेब के साथ-साथ फूलगोभी और मटर की फसल भी पूरी तरह तबाह हो गई. जमीन पर ओलों की मोटी चादर बिछ गई है. प्रदेश के कई जिलों में रविवार को अचानक बदले मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने शहर की रफ्तार थाम दी। तेज बारिश से जहां सड़कें जलमग्न हो गईं, वहीं ओलों की बौछार ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। बारिश के चलते शिमला की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। लोकल बस स्टैंड स्थित ट्रैफिक कंट्रोल रूम में भी पानी और कीचड़ घुस गया। छत से पानी टपकने और फर्श पर गाद जमने से पुलिस कर्मचारियों को खुद जल निकासी के लिए मोर्चा संभालना पड़ा। शिमला घूमने आए सैकड़ों पर्यटक भी इस मौसम से खासे परेशान हुए। माल रोड और रिज मैदान जैसे पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसर गया। बारिश और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं ने लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागने पर मजबूर कर दिया। अचानक बदले मौसम के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और शिमला की फिजा एक बार फिर ठंडी हो गई। तेज ओलावृष्टि से ठियोग, फागू, चौपाल और अप्पर शिमला के अन्य इलाकों में सेब और अन्य फलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल भी प्रभावित हुई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नज़र बनाए रखें और फसल या अनाज को खुले में न रखें। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 5 से 8 मई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। 5 मई को छह जिलों में येलो अलर्ट, जबकि 6 और 7 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। 8 मई को भी 9 जिलों में खराब मौसम का पूर्वानुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *