Home » ताजा खबरें » हिमाचल सचिवालय में लगातार दूसरे दिन भी सर्च अभियान जारी, मंडी में खुल गया DC दफ्तर…

हिमाचल सचिवालय में लगातार दूसरे दिन भी सर्च अभियान जारी, मंडी में खुल गया DC दफ्तर…

लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के राज्य सचिवालय और डीसी मंडी के दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद गुरुवार को भी मंडी में दोपहर तीन बजे तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा. दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन के दौरान एंटी सबोटाज टीम को किसी भी तरह का बम या संदिग्ध सामान नहीं मिला. सर्च ऑपरेशन के बाद डीसी, एसपी और कोर्ट परिसर को सैनिटाइज कर दिया गया है. जनता को घबराने की जरूरत नहीं है, कल से इन सभी परिसरों में सामान्य रूप से सभी काम संचालित होंगे. लेकिन परिसर में कुछ दिन तक निजी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. यह जानकारी एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने सर्च ऑपरेशन संपन्न होने के बाद दी। साक्षी वर्मा ने बताया कि बीते रोज ही तस्वीर साफ हो गई थी कि यहां किसी तरह का कोई संदिग्ध सामान नहीं है. लेकिन थ्रेट मेल में दी गई धमकी के मुताबिक सुरक्षा की दृष्टि से आज भी परिसर को जनता के लिए बंद रखा गया था. शुक्रवार से परिसर में सभी कार्य फिर से सुचारू रूप से किए जाएंगे. एसपी मंडी ने बताया कि इस पूरे सर्च ऑपरेशन में एंटी सबोटाज टीम के 50 जवान शामिल थे, इसके अलावा परिसर की सुरक्षा के लिए 50 अन्य जवानों की तैनाती कर दी गई है. उन्होंने जनता से किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की है. एसपी मंडी ने बताया कि थ्रेट मेल आने के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीते रोज ही विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. थ्रेट मेल से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए साइबर क्राइम थाना सहित शिमला पुलिस से भी इस केस में मदद मांगी गई है. जिस तरह से इस मेल में मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी तहव्वुर राणा का नाम का इस्तेमाल किया गया है, उसकी जांच पड़ताल जारी है. साथ ही जिस सर्वर से यह मेल प्राप्त हुई है, उसकी भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *