Home » ताजा खबरें » हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में अब मोबाइल एप से लगेगी शिक्षकों की हाजिरी, बंक मारा तो बजेगा अलार्म…

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में अब मोबाइल एप से लगेगी शिक्षकों की हाजिरी, बंक मारा तो बजेगा अलार्म…

लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को अब ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी। यह व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू होगी। इसके तहत प्रदेश के करीब 70 हजार शिक्षक विद्या समीक्षा केंद्र के जरिए ऑनलाइन हाजिरी लगाएंगे। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने इस संबंध में निर्देश जारी किए। बुधवार को जिला उपनिदेशकों के साथ हुई बैठक में शिक्षा सचिव ने ये निर्देश दिए। ऐसे में अब स्कूलों में शिक्षक अगर ऑफलाइन हाजिरी लगाएंगे तो वह मान्य नहीं होगी। इस व्यवस्था के लागू होने पर शिक्षक स्कूलों से बंक नहीं मार पाएंगे। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र ने शिक्षक व अन्य स्टाफ की ट्रैकिंग के लिए सॉफ्टवेयर बनाया है। इस सॉफ्टवेयर के जरिए शिक्षकों की हाजिरी स्कूल परिसर में पहुंचने पर ही लगेगी। समय से पूर्व स्कूल परिसर से बाहर जाने पर भी इस सॉफ्टवेयर में अलार्म बजना शुरू हो जाएगा। यह सॉफ्टवेयर समग्र शिक्षा ने तैयार किया है। स्कूल के मुखिया को विद्या समीक्षा केंद्र का सॉफ्टवेयर अपने फोन में डाऊनलोड करना होगा और सभी शिक्षक व स्टाफ हाजिरी फोन में ही लगाएंगे। हालांकि विद्या समीक्षा केंद्र के जरिए ऑनलाइन हाजिरी के आदेश बीते वर्ष भी प्रदेश सरकार की ओर से जारी हुए थे लेकिन सभी स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी सिस्टम लागू नहीं हुआ था। इस कारण व्यवस्था को मॉनीटर नहीं किया जा सका था। बैठक में हिमाचल में डिटैंशन पॉलिसी को इसी साल से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को डिटैंशन पॉलिसी को हिमाचल में भी लागू करने के लिए कदम उठाने को कहा है। सूचना है कि बैठक में यह कहा गया कि जो विद्यार्थी 8वीं और 5वीं में कम अंक लाते हैं, उनको कुछ माह बाद एक और मौका दिया जाए और यदि इसमें भी वे पास नहीं होते है, तो उन्हें फेल किया जाए। बैठक में सभी स्कूलों में लाइब्रेरी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]