Home » ताजा खबरें » बद्दी में नशे के सौदागरों पर पुलिस की करारी चोट, लाखों की नकदी और चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार

बद्दी में नशे के सौदागरों पर पुलिस की करारी चोट, लाखों की नकदी और चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार

लाइव हिमाचल/सोलन : बद्दी की मानपुरा पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 1.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और ₹2,50,000 नकद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई लखदाता पीर बाबा मंदिर, किशनपुरा के पास गश्त और यातायात चेकिंग के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार, स्कूटी (HP 12Q-6059) पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोका। स्कूटी चालक सर्वजीत सिंह उर्फ चीमा (31) पुत्र खुशी राम, निवासी किशनपुरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन और उसके साथी रजत कुमार (27) पुत्र अजय कुमार, निवासी पनोह, तहसील व जिला ऊना की तलाशी के दौरान 1.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने तुरंत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद जब पुलिस ने मुख्य आरोपी सर्वजीत सिंह उर्फ चीमा के घर की तलाशी ली, तो वहां से ₹2,50,000 की नकदी भी बरामद हुई, जिसे नशे के कारोबार से संबंधित माना जा रहा है। अब पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना की और ‘नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए कड़ी चेतावनी दी कि नशे के सौदागर अब कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते। उन्होंने कहा कि नशे का व्यापार बंद करें, वरना जेल जाने के लिए तैयार रहें!” इसके साथ ही, पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक पहल समाज को नशे की बर्बादी से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]