Home » ताजा खबरें » हिमाचल के इन 5 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, तापमान में भी दर्ज की गई गिरावट…

हिमाचल के इन 5 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, तापमान में भी दर्ज की गई गिरावट…

लाइव हिमाचल/शिमला : प्रदेश के पांच जिलों ऊना, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा में शुक्रवार को शीतलहर चली। मौसम विभाग ने शनिवार को भी इन जिलों में शीतलहर चलने और घने कोहरे की चेतावनी दी है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में दो से सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक गिरावट केलंग में 7.2 व रिकांगपिओ में पांच डिग्री की दर्ज की गई। अन्य स्थानों पर दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में हल्के बादल छाए जबकि अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रही।

एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना

प्रदेश में सबसे कम तापमान ताबो में -10, केलंग में -9.1, कुकुमसेरी में -7.9, कल्पा में -2.9 और मनाली में -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। मंडी में पांच, मनाली में चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि ताबो में 5.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वर्षा व हिमपात न होने का प्रभाव कृषि व बागवानी पर पड़ने लगा है। गेहूं की फसल पीली पड़ रही है जबकि सेब पर समय से पहले कोंपलें फूटने लगी हैं। शुक्रवार को हिमाचल एक्सप्रेस दौलतपुर जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस अंब-अंदौरा में निर्धारित समय पर पहुंची। वहीं कालका से शिमला जाने वाले छह ट्रेन भी निर्धारित समय पर स्टेशन से रवाना हुईं। जुब्बड़हट्टी सहित गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर उड़ानें सुचारू रूप से हो रही हैं।

कहां कितना रहा तापमान

स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 4.8 15.8
सुंदरनगर 2.8 24.2
भुंतर 1.3 22.0
कल्पा -2.9 8.2
धर्मशाला 5.0 19.5
ऊना 2.6 25.8
नाहन 6.6 22.2
केलंग -9.1 1.3

मौसम में आया बदलाव प्रभावित करेगा गेहूं की फसल

मौसम में आया बदलाव गेहूं की फसल को प्रभावित करेगा। समय पर वर्षा न होने से खेतों में होने वाली नमी की कमी न केवल तने के विकास में बाधा उत्पन्न करेगी बल्कि उत्पादन पर भी असर डालेगी। जिला कांगड़ा में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में वर्षा हुई थी। जबकि इस समय गेहूं की फसल के लिए नमी की जरूरत है। हालांकि कृषि विभाग के विशेषज्ञों का मानना है कि रात को कोहरा पड़ने के चलते जरूर खेतों में कुछ नमी है, लेकिन यह काफी नहीं। यदि जल्द पर्याप्त वर्षा न हुई तो गेहूं की फसल को लेकर तने के विकास में अड़चन आएगी, जिससे उत्पादन प्रभावित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *