Home » ताजा खबरें » जिला लाहौल स्पीति के केलांग में शुरू 7 दिवसीय आइस हॉकी प्रशिक्षण…

जिला लाहौल स्पीति के केलांग में शुरू 7 दिवसीय आइस हॉकी प्रशिक्षण…

लाइव हिमाचल/लाहौल स्पीति:जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में आइस हॉकी संघ लाहौल स्पीति एवं ग्राम पंचायत केलांग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7 दिवसीय आइस हॉकी प्रशिक्षण शिविर का उपायुक्त राहुल कुमार ने शुभारंभ किया। इस शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के 50 के करीब बच्चे व युवा केलांग के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि ज़िला लाहौल स्पीति के लिए प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए 4 करोड रुपए की धनराशि का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से जिला के बच्चों को विशेष कर युवाओं को शीतकालीन व साहसिक खेलों के प्रति  प्रोत्साहित व प्रशिक्षित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन खेलों से जुड़े आधारभूत संरचनाओं तथा बेहतरीन स्तर का प्लेटफार्म प्रदान करने के लिए अटल बिहारी वाजपेई पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान केंद्र मनाली व उपकेंद्र  जिस्पा के माध्यम से प्रशिक्षण व प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएगी। शीतकालीन खेलों से जुड़े बेहतरीन स्तर के उपकरण मुहैया करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से इस धन राशि का उपयोग किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए  विभिन्न शिविरों के माध्यम से ज़िला के काजा, सिस्सू व दारचा-जिस्पा में शीतकालीन खेलें आयोजित करवाई जा रही हैं, ताकि यह बच्चे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें और जिला का नाम रोशन कर सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिला के अन्य क्षेत्रों में भी शीतकालीन खेलों की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है और उपयुक्त स्थलों को भी चिन्हित किया जाएगा।उपायुक्त ने केलांग के आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि माइनस ठंड में देर रात तक केलांग के युवा रोज रात को आइस हॉकी स्केटिंग रिंक की सफाई कर उसमें पानी डाल कर अगले दिन के लिए आइस रिंक तैयार कर रहे हैं उसके लिए उन्होंने उनकी तारीफ करते हुए कहा क्रि स्थानीय लोग भी अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित बना रहे हैं और बच्चों व युवाओं को प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र है।शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान सोनम जंकपो व लाहौल-स्पीति आइस हॉकी एसोसिएशन के सदस्य राहुल रॉय, देवी सिंह,सुनील तेनजिन ने मुख्य अतिथि का टोपी खतक पहना कर सम्मानित किया।पंचायत प्रधान सोनम जंगपो ने आयोजन से जुड़े वॉलिंटियर्स व महिला मंडल तथा स्थानीय लोगों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा किआने वाले समय में यहां के बच्चे इस खेल में जिला, प्रदेश व देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और जिला का नाम भी रोशन करेंगे।इस अवसर पर केलांग सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश कुमार लाल सहित गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *